व्हीआईएसएम काॅलेज में 77वां गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया

Date:2026-02-02 05:30:37

व्हीआईएसएम ग्रुप ऑफ स्टडीज में 77वां गणतंत्र दिवस देशभक्ति, उत्साह और गरिमामय वातावरण के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में संस्थान की चेयरपर्सन श्रीमती सरोज राठौर ने ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया। ध्वजारोहण उपरांत एनसीसी कैडेट्स द्वारा भव्य परेड का आयोजन किया गया। कैडेट्स की अनुशासित चाल, एकरूप वेशभूषा और समर्पण ने उपस्थित जनसमूह को देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत कर दिया। परेड के दौरान “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम” के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। इसके पश्चात आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों, समूह नृत्य, एकल नृत्य एवं लघु नाटिका की प्रभावशाली प्रस्तुतियाँ दीं। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से भारत की स्वतंत्रता संग्राम की गौरवशाली गाथा, संविधान की महत्ता तथा राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया। विद्यार्थियों की कला, आत्मविश्वास एवं मंचीय अनुशासन को उपस्थित अतिथियों ने सराहा। इस अवसर पर चेयरमैन डॉ. सुनील कुमार सिंह राठौर ने अपने संबोधन में कहा कि गणतंत्र दिवस केवल एक पर्व नहीं, बल्कि संविधान के मूल्यों को आत्मसात करने का अवसर है। उन्होंने विद्यार्थियों से नैतिकता, अनुशासन और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया। उन्होंने यह भी कहा कि युवा वर्ग ही देश का भविष्य है और शिक्षा के माध्यम से ही सशक्त, आत्मनिर्भर भारत का निर्माण संभव है। जब हर व्यक्ति अपने कार्य को पूरी नैतिकता, अनुशासन और राष्ट्रहित में रहकर करेंगा तभी एक अच्छे राष्ट्र का निर्माण होगा। कार्यक्रम के अंत में सभी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता को बनाए रखने की शपथ ली। पूरे आयोजन में देशभक्ति, अनुशासन और उत्सव का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस मौके पर संस्थान की ग्रुप निदेशक डाॅ. प्रज्ञा सिंह, समस्त महाविद्यालयों के प्राचार्यगण सहित समस्त स्टाॅफ व छात्र-छात्राऐं उपस्थित रहें।